बबेरू। सपा विधायक विशंभर सिंह यादव की अगुवाई में शुक्रवार को मुड़वारा गांव में पीडीए जन पंचायत आयोजित हुई। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। पंचायत में विधायक ने भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि भाजपा की तानाशाही सरकार दलित, पिछड़ों व गरीबों का हक और सम्मान छीनना चाहती है। इसके साथ ही ये लोग संविधान को खत्म कर लोकतंत्र की हत्या करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी चरम पर है। खुले में घूम रहे मवेशियों से किसान परेशान हैं। एक-एक बोरी खाद के लिए किसान मारा-मारा घूम रहा है। भाजपा सरकार किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करती है, लेकिन इनके राज में बिजली, खाद महंगी हो गई। पंचायत में ज्ञान सिंह, पुत्तन सिंह, धर्मेंद्र खेंगर, मुलायम यादव, सखाराम, देशराज यादव, राकेश, ललक यादव, रामनाथ निषाद, अखिलेश पाल, विमलेश यादव, महेंद्र वर्मा, श्रीचंद्र, शमशेर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। (संवाद)