बांदा। यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में छोटे से गांव फतपुरवा के किसान रमेश पटेल के बेटे शनि ने जिला टॉप किया है। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र शनि ने 90.30 फीसदी अंक हासिल किया है। सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की छात्रा योगिता यादव 89.40 फीसदी अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। बघेलाबारी की दीपिका ने 88.90 फीसदी अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। टॉपरों को विद्यालय और घरों में मुंह मीठा कराकर खुशियां मनाईं।
इंटर में इस बार भी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने मेधा दिखाई। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र के मेधावियों ने भी खुद को साबित किया। हिंदू इंटर कॉलेज अतर्रा के पारसमनी ने 86.90 प्रतिशत अंक के साथ चौथा, राजकुमार इंटर कॉलेज नरैनी के छात्र आशुतोष ने 87.80 प्रतिशत अंक के साथ पांचवां स्थान हासिल किया। पंचमुखी इंटर कॉलेज बघेलाबारी के छात्र शिमल ने 87.20 प्रतिशत अंक साथ छठा, जेपी शर्मा इंटर कॉलेज बबेरू के छात्र रवि कुमार, भागवत प्रसाद मेमोरियल इंटर कॉलेज बांदा की छात्रा किरन कुशवाहा व जयदेव इंटर कॉलेज कमासिन के छात्र अजीत सिंह ने 87.20 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से सातवां स्थान पाया। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बांदा के छात्र उत्कर्ष मिश्रा, सरस्वती इंटर कॉलेज अतर्रा के छात्र श्रेयांश गर्ग व जेपी शर्मा इंटर कॉलेज बबेरू के छात्र अंकित यादव ने 86.60 अंक के साथ संयुक्त रूप से आठवां स्थान हासिल किया। आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज के छात्र जितेंद्र कुमार ने 86.40 प्रतिशत अंक के साथ नौवां और तथागत ज्ञान स्थली इंटर कॉलेज की छात्रा सुविक्षा पांडेय ने 86.40 प्रतिशत अंक के साथ दसवां स्थान हासिल किया।