पैलानी। खरीद केंद्रों में किसान महीनों से गेहूं बेचने के लिए पड़ा हुआ है, लेकिन तौल नहीं हो पा रही। परेशान किसानों ने अनशन शुरू कर गेहूं खरीद कराने की मांग की है।
तहसील क्षेत्र के पलरा गेहूं खरीद केंद्र में करीब 1500 क्विंटल गेहूं एक माह से खुले में पड़ा हुआ है। क्षेत्र के जयकांत मिश्रा, सुनील तिवारी, चंद्रप्रकाश शुक्ला, जीतेंद्र शुक्ला, मैयादीन सहित अन्य किसानों ने बताया कि 10 दिनों से केंद्र में तौल बंद है। खुले आसमान में गेहूं पड़ा हुआ है। बारिश से वह सड़ने लगा है। कहते हैं कि गेहूं की रखवाली करते-करते अब थक गए हैं। वहीं मंगलवार को समस्या से परेशान किसानों ने भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले केंद्र पर ही अनशन शुरू कर दिया है। किसान नेता व संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि अभी तक मात्र 313 क्विंटल गेहूं ही खरीदा जा सका है। वहीं बायोमेट्रिक मशीन पर खरीद 513 क्विंटल दर्शा रहा है।
केंद्र प्रभारी धीरज सिंह बीमारी की बात कहकर नहीं आते हैं, वहीं सचिव मनोज त्रिपाठी आज तक केंद्र नहीं आए। इस संबंध में पीसीएफ के प्रवीण यादव ने बताया कि खरीद केंद्र में चार दिनों से तौल नहीं की गई है। केंद्र प्रभारी बीमार चल रहे हैं। (संवाद)