बबेरू (बांदा)। बिजली कटौती से आजिज किसानों ने बुधवार को विद्युत उप केंद्र का घेराव किया। आक्रोशित किसानों ने कहा कि बिजली न होने से धान की नर्सरी नहीं डाल पा रहे हैं। धान की रोपाई भी नहीं हो पा रही है। विधायक से लेकर अधिकारियों तक शिकायत की गई, पर कटौती नहीं बंद हुई। एसडीएम के आश्वासन के बाद किसान शांत हुए। उन्होंने एक हफ्ते में विद्युत आपूर्ति दुरुस्त कराने का भरोसा दिया।
समाजसेवी पीसी पटेल की अगुवाई में बुधवार को सैकड़ों किसान विद्युत उप केंद्र बबेरू पहुंचे। केंद्र का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की। किसानों का गुस्सा देख सब स्टेशन पर तैनात कर्मचारी भाग निकले। किसानों ने विद्युत उपकेंद्र बंद करा दिया। पीसी पटेल ने कहा कि इस समय धान की रोपाई व नर्सरी डालने का कार्य चल रहा है। बारिश नहीं हो रही है और तेज धूप निकल रही है।
ऐसे में बिजली कटौती से किसान परेशान हैं। नलकूप नहीं चलते और धान की फसल पिछड़ती जा रही है। कहा कि बिजली विभाग के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता से लेकर स्थानीय विधायक तक से शिकायत की और आश्वासन भी मिले, पर व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो सका। एसडीओ रसूल अहमद ने किसानों के आक्रोश को देखते हुए एसडीएम व उच्चाधिकारियों को जानकारी दी।
एसडीएम ने मौके पर नायब तहसीलदार मनोहर सिंह को भेजा। उपकेंद्र का घेराव कर रहे किसानों ने उच्चाधिकारियों से वार्ता कराने की बात कही। इस पर नायब ने एसडीएम से फोन पर उनकी वार्ता कराई। एसडीएम ने एक सप्ताह के अंदर विद्युत व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने धरना बंद किया।
इस मौके पर सभाजीत, अमर राजपूत, सुरेंद्र राजपूत, कौशल, विनोद, रामगोपाल, संतराम, छोटा, धीरेंद्र सिंह, राहुल, विकास, जयनारायण, उमेश, रणजीत, बुद्ध विलाश, श्याम सिंह सहित कई गांवों के किसान शामिल रहे।