Farmer leader Gadgad seeing basmati rice paddy
- फोटो : BANDA
बांदा। अखिल भारतीय किसान संघ के सह संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह ने जखनी गांव के किसानों को धरती मां का पुजारी बताते हुए कहा कि यहां के बाशिंदे आदर्श गांव बनाने में लगातार प्रयासरत हैं। गांव के तालाब किनारे खलिहानों में हजारों कुंतल बासमती चावल के धान के ढेर देखकर खुश हुए किसान नेता ने कहा कि यह यहां किसानों के संकल्पवान और मेहनती होने का जीता जागता उदाहरण है।
रविवार को गांव पहुंचे किसान संघ नेता का गांव के किसानों और सर्वोदय कार्यकर्ता उमाशंकर पांडेय ने स्वागत किया। साथ ही बताया कि गांव में- खेत पर मेड़, मेड़ पर पेड़ का नारा देकर इसका संकल्प लिया गया है। किसान संघ के कानपुरप्रांत संगठन मंत्री छोटेलाल ने कहा कि पंरपरागत तरीकों से उपलब्ध संसाधनों के आधार पर यहां के किसानों ने जखनी का जलवा बिखेरा है।
गौ सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष बीके सिंह ने कहा कि संपन्न किसान गौ माता की सेवा के लिए आगे आएं। संघ के जिला मंत्री कमलेश, शिक्षक देवराज सिंह, गजेंद्र त्रिपाठी आदि सहित किसानों ने किसान नेताओं से अनुरोध किया कि उन्हें बासमती चावल का समर्थन मूल्य दिलाने का प्रयास करें। ब्यूरो