बांदा। निमंत्रण से लौट रहे बाइक चालक किसान को वाहन ने टक्कर मार दी। इससे बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। सिर पर चोट आने से मौके पर ही मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं लगाए था।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के धौसड़ गांव निवासी कालका सिंह (48) बुधवार की रात निमंत्रण में बबेरू कोतवाली क्षेत्र के पिंडारन गांव गए थे। वहां से बाइक से देर रात लौट रहे थे। बबेरू थाना क्षेत्र के सिमौनी गांव के पास पीछे से आए वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। कालका खंभे से टकराकर गिर पड़े। सिर पर चोट आने से मौके पर मौत हो गई।
राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची तिंदवारी पुलिस ने कालका के मोबाइल से परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के चचेरे भाई बुद्धराज सिंह ने बताया कि कालका खेती-किसानी करते थे। उसके आठ बीघा जमीन है। उसके दो पुत्र और एक पुत्री है। चार भाइयों में सबसे छोटे थे। बबेरू कोतवाली इंस्पेक्टर पंकज सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।