बांदा। दुकान से घर जा रहे किसान को पीछे से आए बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार व किसान दोनों गंभीर घायल हो गए। किसान की रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने बाइक चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है।
शहर काेतवाली क्षेत्र के अवंतिनगर निवासी बिहारी राजपूत (40) शनिवार को दोपहर 12 बजे करीब अतर्रा रोड पर दीप ढाबा के पास बीड़ी का बंडल लेने गया था। वहां से वह लौट रहा था। तभी पीछे से अतर्रा की ओर से आए बाइक सवार कानपुर देहात क्षेत्र के रूरा गांव निवासी विकास (16) ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार व किसान दोनों घायल हो गए। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बाइक सवार को पकड़ लिया और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से बिहारी को गंभीर चोट आने पर डॉक्टरों ने उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान बिहारी की मौत हो गई। उधर, विकास को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल विकास ने बताया कि वह आर्टीफिशियल ज्वैलरी सप्लाई करने का काम करता है। कानपुर से वह अतर्रा मंडी गया था, वहां से वापस आते समय यह हादसा हुआ है। मृतक बिहारी के बड़े दामाद मोतीलाल ने बताया कि बिहारी भूमिहीन था। वह बटाई में खेत लेकर किसानी का कार्य करता था। पांच पुत्रियां, दो पुत्र हैं। पत्नी रानी है।
शहर कोतवाल अनूप दुबे ने बताया कि सड़क हादसे में मौत हुई है। परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।