अतर्रा (बांदा)। घरेलू राशन सामग्री लेने पुरवा से गांव जा रहे किसान का बारिश की वजह से पैर फिसल गया। इससे वह नाले में जा गिरे और डूबने से मौत हो गई। सोमवार को सुबह घर से करीब 200 मीटर दूरी पर नाले में झाड़ियों में उनका शव फंसा मिला।
बिसंडा थाना क्षेत्र के गांव पल्हरी निवासी जुगुल किशोर ने बताया कि रविवार की देर शाम उसके चाचा ऋषिपाल पटेल (56) अपने पुरवा स्थित खेत से तकरीबन एक किलोमीटर दूर गांव में राशन सामग्री लेने निकले थे। घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर रास्ते में बरसाती नाले की पटरी पर उनका पैर अचानक फिसल गया। वह नाले में डूब गए।
रात तक जब वह घर नहीं आए तो परिजन व ग्रामीण तलाश में निकले लेकिन कोई पता नहीं चला। सोमवार को सुबह परिजन और ग्रामीणों ने फिर खोजबीन की तो ऋषिपाल का शव नाले की झाड़ियों में फंसा मिला। परिजन ने उन्हें मृत अवस्था में नाले से बाहर निकाला। उनके दो पुत्र हैं। वह खेती किसानी करते थे। पत्नी शिवप्यारी व परिजन बेहाल हैं। थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश तिवारी ने नाले के भीटे में पैर फिसल जाने से हादसे का अंदेशा जताया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।