बांदा। पत्नी का कैंसर का इलाज कराकर गांव जा रहा किसान ई रिक्शा पलट जाने से गंभीर घायल हो गया। उसे तिंदवारी पीएचसी ले जाया गया। वहां से उसे जिला अस्पताल लाया गया। जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के सिमौनी गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद (60) पत्नी गीता देवी का कैंसर का इलाज कराने कुछ दिन पहले प्रयागराज गया था। वहां से वह पत्नी के साथ शनिवार को दोपहर ट्रेन से बांदा आया। बांदा से वह किसी साधन से तिंदवारी गया था। तिंदवारी से पत्नी के साथ ई रिक्शा में सवार होकर गांव जा रहा था। तिंदवारी कस्बे से करीब पांच किलोमीटर दूरी पर मल्लाह का डेरा के पास सड़क पर बकरियों का झुंड आ गया।
रिक्शे की गति तेज होने की वजह से रिक्शा बकरियों से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गया। राजेंद्र गंभीर घायल हो गया। परिजन उसे लेकर तिंदवारी पीएचसी पहुंचे। वहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में शनिवार की शाम डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छोटे बेटे अनुज ने बताया कि वह तीन भाई एक बहन हैं। पिता गांव में सब्जी की बाड़ी लगाकर जीविका चलाते थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।