फोटो- 04 रामराज द्विवेदी। स्रोत- परिजन।
पैलानी (बांदा)। भैंस चराने पैदल जा रहे वृद्ध किसान की बाइक की टक्कर लगने से मौत हो गई। हादसे की सूचना पर मौके पर ग्रामीण और परिजन इकट्ठा हो गए। उन्होंने कार्रवाई व मुआवजे की मांग को लेकर शव नहीं उठने दिया। बाद में मौके पर पहुंचे एसडीएम, सीओ और तहसीलदार ने घटनास्थल पहुंचकर मुआवजा दिलाने और बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हो गए।
चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेंदा गांव निवासी पंकज ने बताया कि उसके पिता राजराज द्विवेदी (60) मंगलवार को दोपहर करीब दो बजे भैंस चराने के लिए घर से निकले थे। वह पपरेंदा-तिदंवारी मार्ग पर जा रहे थे। तभी तिंदवारी की ओर से आए बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में रामराज द्विवेदी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने माैके पर ग्रामीण और परिजन इकट्ठा हो गए। आक्रोशित लोगों ने मुआवजे व बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शव नहीं उठाने दिया।
घटना के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम बांदा नमन मेहता, सीओ सदर राजवीर सिंह, तहसीलदार सदर विकास पांडेय ने समझा कर भीड़ को शांत कराया। एसडीएम नमन मेहता ने बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई व किसान दुर्घटना बीमा का पांच लाख रुपये मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया। तब ग्रामीणों ने शव को उठने दिया।
किसान के पुत्र पंकज ने चिल्ला थाने में बाइक चालक बांदा शहर कोतवाली क्षेत्र के मवई बुजुर्ग गांव निवासी सुमित सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। हादसे में बाइक चालक सुमित भी घायल हो गया। उसका उपचार हो रहा है। किसान के चार बेटे राममिलन, पंकज, अनूप, अनुज हैं। उनके नाम 85 बीघा जमीन है। वह किसानी करते थे। घर में पत्नी गेनिया है।
-
किसान के बेटे की तहरीर पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वह भी घायल हुआ है, उसका इलाज चल रहा है।
- राजवीर सिंह, सीओ सदर
फोटो- 04 रामराज द्विवेदी। स्रोत- परिजन।
फोटो- 04 रामराज द्विवेदी। स्रोत- परिजन।