फोटो-10- मृतक किसान महेश पटेल। फाइल फोटो।
तिंदवारी। बांदा-फतेहपुर हाईवे पर रविवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से साइकिल सवार किसान की मौत हो गई।
हादसे के बाद नाराज परिजन और ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। वे स्पीड ब्रेकर बनवाने, मुआवजा दिलाने और चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस ने समझाकर करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुलवाया। डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के जसईपुर गांव निवासी किसान महेश पटेल (70) रविवार दोपहर करीब 12 बजे साइकिल से माटा गांव स्थित खेत देखने जा रहे थे। शिवदर्शन महाविद्यालय के पास बांदा से फतेहपुर जा रहे डंपर ने उन्हें साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महेश साइकिल समेत डंपर के पहिये के नीचे आ गए। कुचलने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और हाईवे जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया और शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि डंपर कब्जे में है। चालक की तलाश की जा रही है।
फोटो-10- मृतक किसान महेश पटेल। फाइल फोटो।