बांदा जिले में बेटी की शादी का इंतजाम न कर पाने से क्षुब्ध किसान ने कीटनाशक खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मटौंध थाना क्षेत्र के मरौली गांव निवासी विश्वनाथ निषाद (65) ने बताया कि उसके चार पुत्रियां और तीन पुत्र हैं। सबसे छोटी पुत्री विमला की शादी तय है। 23 जून को बरात आनी है।
शादी का इंतजाम करने के लिए उसने साढ़े पांच बीघा जमीन 70 हजार रुपये में गिरवी रख दी है। इस रुपये से शादी के लिए खरीदारी की। पैसा कम पड़ने पर बेटों से मदद करने को कहा तो उन्होंने इनकार कर दिया। पीड़ित किसान ने बताया कि दोनों बेटे होली का त्योहार मनाने घर आए हैं। बड़ा बेटा राजकोट में रहकर कमाता है, उसने एक भी पैसा नहीं दिया। छोटे ने सिर्फ दो हजार रुपये दिए। इससे वह परेशान है। बताया कि बेटी की शादी का इंतजाम न कर पाने से उसने जान देने की कोशिश की। बेटे सुरेश ने मामले में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।