बबेरू (बांदा)। पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि से मसूर की फसल खराब होने से परेशान किसान ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के साथी गांव निवासी सर्वेश उर्फ भोला (45) ने गुरुवार शाम किसी समय कमरे के अंदर रस्सी से छत के छल्ले से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय घर में कोई नहीं था। देर शाम पत्नी गायत्री खेत से लौटी तो दरवाजा बंद पाया। काफी देर तक खटखटाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो तो पड़ोसियों की मदद मांगी। नसेनी से चढ़कर कमरे के भीतर देखा तो पति का शव फंदे से लटक रहा था।
बड़े बेटे आदित्य ने बताया कि उनके पास छह बीघा जमीन है। पिता खेती-किसानी के साथ घर में परचून की दुकान भी खोले थे। पिछले दिनों ओलावृष्टि से मसूर की फसल खराब हो गई थी। इस कारण पिता काफी परेशान रहने लगे थे। दो तीन दिनों से किसी न बोलते थे और न ही ठीक से खाना खा रहे थे। पिता का किसान क्रेडिट कार्ड भी नहीं बना है। इसी परेशानी में उन्होंने फंदा लगाकर जान दी है।
सर्वेश के दो पुत्र हैं। बबेरू कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि पुत्र आदित्य ने तहरीर में फसल खराब होने की वजह बताई है। इस संदर्भ में बबेरू एसडीएम नमन मेहता ने बताया कि किसान के आत्महत्या की जानकारी मिली है। नायब तहसीलदार जामू राहुल को मौके पर भेजा है। किसान की फसल नुकसान का आंकलन कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।