फोटो - 03 कोठी तालाब में कूड़ा डाल रहा ट्रैक्टर। संवाद
पैलानी। एक ओर शासन तालाबों के जीर्णोद्धार पर लाखों रुपये खर्च कर रहा है। वहीं दूसरी ओर पैलानी कस्बे का कोठी तालाब अतिक्रमण की चपेट में है।
यहां तालाब को पूरने का कार्य जोरों पर जारी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कस्बे का सारा कूड़ा ट्रैक्टरों में भरकर तालाब में डाला जाता है। ग्राम पंचायत ने नालियों का जुड़ाव भी तालाब से कर रखा है। इससे गंदा पानी भी तालाब में जाता है।
एक समय था जब यह तालाब कस्बे के लोगों के लिए जीवनदायिनी होता था। लोग इसमें स्नान करते थे और मवेशी-पक्षी अपनी प्यास बुझाते थे। अब इस पर कब्जे के प्रयास जारी हैं और कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। प्रशासनिक निष्क्रियता के कारण तालाब के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है।
लोगों की मांग और प्रशासन का आश्वासन
लोगों ने प्रशासन से तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। उन्होंने इसके सौंदर्यीकरण की भी अपील की है। तालाब पर मंडरा रहे खतरे को लेकर एसडीएम अंकित वर्मा से बात की गई। उन्होंने मामले की जांच कराकर तालाब को मुक्त कराने का आश्वासन दिया है।