बांदा। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा रद किए जाने के बाद अब परिणाम घोषित करने और अंक पत्रों को बनाने की बड़ी चुनौती शिक्षा विभाग के सामने है। इसके लिए प्रमुख सचिव शिक्षा विभाग आराधना शुक्ला ने सभी संयुक्त शिक्षा निदेशक और जिला विद्यालय निरीक्षक के साथ वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में बैठक कर मंथन किया। तकरीबन ढाई घंटे की मैराथन बैठक में फिलहाल कुछ निकल कर नहीं आया है।
जनपद में इस बार हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में कुल 40,136 परीक्षार्थी हैं। हाईस्कूल में कुल 22787 परीक्षार्थी हैं। इनमें छात्र 12724 व छात्राएं 10063 हैं। इंटरमीडिएट में कुल 17349 परीक्षार्थी हैं। इनमें छात्र 9659 व छात्राएं 7690 हैं। बैठक में जिलास्तर पर जिला विद्यालय निरीक्षक, राजकीय इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य, एडड विद्यालय के प्रधानाचार्य, वित्त विहीन प्रधानाचार्य की समिति गठित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह समिति जिला स्तर पर विचार-विमर्श कर परिणाम घोषित करने सहयोग करेगी। प्रमुख सचिव ने कहा कि सभी बोर्ड परीक्षार्थियों के साथ न्याय और कम से कम न्यायालीय प्रकरण खड़े हो सके। इस चुनौती से भी निपटना पहली प्राथमिकता होगी। बैठक में बांदा की ओर से संयुक्त शिक्षा निदेशक संजय यादव और जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद सिंह शामिल हुए।
जिला स्तरीय समिति में डीआईओएस, आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य मेजर मिथलेश कुमार पांडेय, राजकीय इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य शिवमोहन, सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ. अमिता सिंह को शामिल किया गया है। परीक्षार्थियों के अंक पत्रों का निर्धारण और परिणाम किस तरह घोषित किया जाना है इस पर मंथन किया जा रहा है।
- विनोद सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, बांदा।