शहर कोतवाली में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में बोलते मौलाना अकील मियां।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। ईद के मद्देनजर प्रदेश सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा दिए गए निर्देशों पर थानों में पीस कमेटियों की बैठक का सिलसिला जारी है। हालांकि बैठकें औपचारिकता मात्र निभा रही हैं। समाज के संभ्रांत लोगों को बैठक की सूचना भी नहीं दी गई। नतीजे में गिने-चुने लोगों के बीच ही बैठक की रस्मअदायगी की जा रही है। बुधवार को बांदा शहर कोतवाली में आयोजित बैठक में गिने-चुने लोग ही उपस्थित थे। समाज में अपना असर रखने वाले ज्यादातर संभ्रांत लोग नजर नहीं आए। उन्हें सूचना ही नहीं दी गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी गंगाराम गुप्ता ने कहा कि ईद मेलजोल व खुशियों का त्योहार है। इसलिए इसे सौहार्द के साथ मनाएं। सिटी मजिस्ट्रेट आरके श्रीवास्तव ने नगर पालिका ईओ को शहर की सफाई और बिजली विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए। जल संस्थान अधिशासी अभियंता सुरेश कुमार और सहायक अभियंता विमल कुमार व मौर्या को ईद के दिन जलापूर्ति चौकस रखने का निर्देश दिया। जरूरत पर टैंकरों से पानी देने को कहा। अपर एसपी मायाराम ने कहा कि पर्व पर अराजकता फैलानों वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने नगर कोतवाल केपी सिंह को ऐसे लोगों पर विशेष निगाह रखने को कहा। सीओ प्रभात सिंह ने शांति व सौहार्द खत्म करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में शहर काजी मौलाना मेराज मसूदी (अकील मियां), व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष मनोज जैन, नगर अध्यक्ष संतोष गुप्ता अनशनकारी और अन्य संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।अतर्रा। थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक में एसडीएम एके पुष्कर और सीओ किरन सिंह ने ईद पर्व पर शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की। बदौसा। थाना परिसर में एसडीएम एके पुष्कर की अध्यक्षता में बैठक हुई। कमेटी सदस्यों ने सफाई व पेयजल आपूर्ति दुरुस्त कराने की मांग की। थानाध्यक्ष घनश्याम पांडेय व संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। चिल्ला। एसडीएम पैलानी प्रहलाद सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में बिजली पानी का मुद्दा ज्यादा उठा। एसडीएम ने बिजली विभाग को आपूर्ति दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही खुशी का पर्व खुशी और सौहार्द से मनाने को कहा। थानाध्यक्ष समेत हिदायत अली, अंजुम अली, राजू निषाद, अजय मिश्रा, तौफीक अली, बुद्धविलास यादव, रामकिशुन प्रजापति समेत आसपास के प्रधान समेत ग्रामीण उपस्थित रहे।