बांदा। धान खरीद शुरू हुए 47 दिन बीत चुके हैं। किसी
भी क्रय केंद्र पर खरीद की शुरुआत नहीं हो सकी। ऐसे हालात में चित्रकूटधाम
मंडल में 22 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य पूरा होने में आशंका के
बादल मंडरा रहे हैं।
शासन के आदेश पर मंडल में 232 धान खरीद केंद्र
खोले गए हैं। इनमें विपणन शाखा के सात, पीसीएफ के पांच, यूपीएसएस के चार,
एनसीसीएफ के छह और भारतीय खाद्य निगम का एक और बांदा में विपणन शाखा के
पांच तथा पीसीएफ के पांच धान क्रय केंद्र शामिल हैं।
एक अक्तूबर से
कांटा-बांट, पंखा, बोरे व दो-दो लाख रुपये उपलब्ध कराकर कर्मचारियों को
तैनात कर दिया गया है। शासन ने मंडल में 22 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का
लक्ष्य निर्धारित किया है।
पिछले वर्ष भी यही लक्ष्य था, पर फसल
खराब होने से 10 हजार एमटी के ऊपर धान की खरीद नहीं हो सकी थी। इस साल खरीद
शुरू हुए 47 दिन बीत चुके हैं, अभी तक केंद्रों में खरीद का खाता नहीं
खुला।
केंद्र कर्मचारियों को उम्मीद है कि इस हफ्ते खरीद शुरू हो
जाएगी। केंद्रों पर सन्नाटे की वजह अभी धान की फसल तैयार न होना बताई जा
रही है। विपणन शाखा प्रभारी रीतेश सिंह ने बताया कि तैयारी पूरी है।
चित्रकूटधाम
मंडल में पिछेती फसल होने की वजह से नवंबर के आखिरी सप्ताह से धान
केंद्रों पर धान आता है, लेकिन हमने सभी केंद्रों पर खरीद की तैयारियां
पूरी कर ली हैं।
किसानों को धान बेचने में किसी तरह दिक्कतें नहीं होंगी। शिकायत के लिए केंद्रों पर टोल फ्री नंबर लिखे गए हैं।
-अशोक कुमार, संभागीय खाद नियंत्रक, चित्रकूटधाम मंडल