बांदा। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने मंगलवार को जिला अस्पताल में चार एक्सरे डिजिटल मशीनों समेत एक करोड़ कीमत के स्वास्थ्य उपकरणों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अल्ट्रासाउंड मुफ्त योजना में बांदा को भी शामिल किया है। मंडलीय चिकित्सालय को जल्द शुरू कराने की बात भी कही।
जिला अस्पताल परिसर में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आयोजित पोषण पखवारा में डिप्टी सीएम ने के तहत डिप्टी सीएम ने 10 पालना का वितरण किया। पांच गर्भवतियों की गोद भराई की। पांच बच्चों का अन्न प्राशन किया। पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती दिव्यांश, राखी, मालती और परी की सेहत पूछी। जिला अस्पताल के निरीक्षण में दवा वितरण कक्ष के बाहर बिजली तार लटका देख नाराजगी जताई। सीएमओ डाॅ. एके श्रीवास्तव, सीएमएस डॉ. एसएन मिश्र, डाॅ. आरके गुप्ता, डाॅ. विनीत सचान, डाॅ.अरमानुल हक रहे।
सीएमओ ने बताया कि सीएचसी अतर्रा, नरैनी और बबेरू में डिजिटल एक्सरे सुविधा शुरू होगी। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भी डिजिटल एक्सरे लगेगी। जिला अस्पताल में खून जांच के लिए 22 लाख की आटोमैटिक मशीन, सेंट्रीफ्यूज मशीन, अल्ट्रासोनिक थेरेपी, माइक्रोवेब थेरेपी मशीन, इमरजेंसी रिकवरी मरीज ट्राॅली, सीबीसी जांच आटोमैटिक मशीन, हाइट एंड वेट मेस डिजिटल मशीन शामिल हैं। यह उपकरण आईसीआईसीआई फाउंडेशन ने उपलब्ध कराए हैं।
-
कानून के दायरे में माफियाओं पर कार्रवाई
बांदा। जिला अस्पताल में मीडिया से रूबरू डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश में माफियाओं के खिलाफ अभियान चल रहा है। माफिया या तो जेल में हैं या फिर प्रदेश के बाहर हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि वर्ष 2024 में भी भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने माफिया अतीक अहमद प्रकरण पर सपा मुखिया अखिलेश यादव द्वारा दिए गए बयान को लेकर कहा कि प्रदेश सरकार कानून के दायरे में रहकर माफियाओं पर कार्रवाई कर रही है।