बांदा। समेकित शिक्षा और सर्व शिक्षा अभियान के तहत
शुक्रवार को यहां यूईआरसी परिसर में आयोजित शिविर में 40 विकलांग बच्चों को
व्हील चेयर, ट्राई साइकिल, बैसाखी, कैलीपर, रोलेटर और ब्रेल किट बांटी
गईं। इनमें 22 बालक और 18 बालिकाएं शामिल हैं।
डीएम सुरेश कुमार ने
विकलांग बच्चों को दुलारा और उन्हें माला पहनाकर उपकरण सौंपे। कहा कि
विशिष्ट जरूरत वाले इन बच्चों की प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती। इन्हें
मौका और संसाधन मिले तो अन्य सामान्य बच्चों से भी आगे निकल सकते हैं।
अभिभावकों
से कहा कि इन बच्चों की शिक्षा पर पूरा ध्यान दें। एलिम्को कंपनी के
विशेषज्ञ अजय कुमार ने बच्चों और उनके अभिभावकों को उपकरण के इस्तेमाल के
तरीके बताए।
बीएसए ओपी त्रिपाठी ने बताया कि अक्तूबर में मेजरमेंट
कैंप लगाकर इन बच्चों को चिह्नित किया गया था। समेकित शिक्षा के जिला
समन्वयक अरविंद अस्थाना ने कहा कि सर्व शिक्षा अभियान के तहत विकलांग
बच्चों को यह सुविधा दी जा रही है।
इसमें कुल व्यय का 40 फीसदी
सर्व शिक्षा अभियान से और 60 फीसदी एलिम्को कंपनी कानपुर वहन करती है। जिला
समन्वयक शरद कुमार ने सभी का आभार जताया।
संचालन सह समन्वयक नरेंद्र सोनी ने किया। इसके पूर्व बच्चों ने स्वागत गीत पेश किए। बीएसए ने डीएम को गुलदस्ता सौंपा।