करतल/नरैनी। क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगा पाने में नाकाम करतल चौकी पुलिस में रद्दोबदल कर दिया गया है। एक हेड कांस्टेबल और तीन सिपाहियों को चौकी से हटाकर नरैनी कोतवाली भेज दिया गया है। उनके स्थान पर कोतवाली से नए पुलिस कर्मी करतल भेजे गए हैं।
करतल चौकी में करीब एक माह से इंचार्ज नहीं है। चौकी प्रभारी का काम हेड कांस्टेबल नौरंग वर्मा देख रहे थे। शनिवार की रात चौकी के बगल में इंडियन बैंक के सामने एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के कार्यालय और गोदाम के बाहर खड़ा ट्रैक्टर चोरी हो गया।
कंपनी के इंजीनियर योगेंद्र प्रताप सिंह ने नरैनी कोतवाली में चोरी की तहरीर दी। साथ ही सीसी कैमरे के फुटेज भी दिए। इंजीनियर ने चोरी की सूचना चित्रकूटधाम मंडल आईजी और मुख्य सचिव को भी भेजी। कोतवाली प्रभारी इसकी जांच कर रहे हैं।
उधर, पहले भी कई चोरियां हो चुकी हैं। इसी सबके बीच रविवार को नरैनी कोतवाली प्रभारी इंद्रदेव ने चौकी के हेड कांस्टेबल नौरंग वर्मा, कांस्टेबल अमन सिंह, मयंक कुमार और राधा रमण को तत्काल प्रभाव से चौकी से हटाकर नरैनी कोतवाली भेज दिया है।
कोतवाली से हेड कांस्टेबल गुरुचरन सिंह सरोज, कांस्टेबल सत्यम पांडेय, रमेश यादव, राजकुमार, जितेंद्र कुमार और शिवकुमार सरोज को करतल चौकी में तैनात किया है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि पुलिसिंग मजबूत करने के लिए बीट बदली गई हैं। ट्रैक्टर चोरी के बारे में कहा कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। जांच की जा रही है।