शहर में पानी का संकट खत्म नहीं हो रहा। कई इलाके पानी का तरस रहे हैं। छिपटहरी मोहल्ले में हजारों रुपये खर्च करके किए गए जुगाड़ से भी वहां के घरों को पानी नहीं मिल रहा। उधर, शांती नगर में भी पानी को लेकर अशांति है। बृहस्पतिवार को यहां के महिला-पुरुषोें ने खाली बर्तन लेकर विरोध जताया और डीएम को ज्ञापन दिया।
भीषण गर्मी में जब पानी की खपत बढ़ गई है, तब जल संस्थान की आपूर्ति बहुत घट गई है। कई इलाकों में टैंकरों से पानी पहुंचाया जा रहा है। शहर को पानी के संकट में धकेलने में बिजली का भी बड़ा रोल है। कटौती और फाल्टों से ट्रिपिंग के चलते जल संस्थान के पंप, मोटर, इंटेकवेल और ट्यूबवेल भरपूर नहीं चल पा रहे हैं।
शांती नगर के बाशिंदों ने कहा कि उनके मोहल्ले में हैंडपंप भी जवाब दे गए हैं। ज्ञापन देने वालों में सामाजिक संस्था के आनंद सिंह कुरील, देवेंद्र प्रजापति, सुशील कुमार गौतम, राहुल वर्मा, दादूराम, बीना देवी, दीपक वर्मा, राजेश प्रजापति आदि हैं।