नरैनी/ तिंदवारी/ बबेरू। ग्राम रोजगार सेवक (पंचायत मित्र) वेलफेयर एसोसिएशन ने लंबित मानदेय व अन्य समस्याओं को लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। बुधवार को संगठन ने खंड विकास कार्यालयों में प्रदर्शन करते हुए बीडीओ को पत्र सौंपे। इसमें उन्होंने समस्याओं के समाधान की मांग की है।
नरैनी में ब्लॉक अध्यक्ष रामानंद पांडे ने बताया कि बैठक में रोजगार सेवकों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। संगठन ने बताया कि रोजगार सेवकों का 8 से 10 माह का मानदेय लंबित है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इसके अलावा मनरेगा कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए संसाधनों की कमी, जॉब चार्ट में अतिरिक्त कार्य शामिल करने, ईपीएफ की धनराशि का भुगतान तथा अन्य समस्याएं भी प्रमुख रूप से उठाई गईं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 16 से 25 अप्रैल 2026 तक सांकेतिक कलमबंद हड़ताल की जाएगी। इसके बाद 26 अप्रैल को ब्लॉकों में पोस्टकार्ड व ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा। ब्लॉक अध्यक्ष रामानंद पाण्डेय ने कहा कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ज्ञापन देने के दौरान राजनरेश पटेल, शिवनरेश राजपूत , राजा भईया, राधेश्याम पटेल, ब्रजेश सहित समस्त रोजगार सेवक मौजूद रहे। तिंदवारी में भी संगठन के पदाधिकारियों ने बीडीओ से भेंटकर उन्हें ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। वहीं बबेरू में ग्राम रोजगार सेवक पंचायत मित्र वेलफेयर एसोसिएशन ने 5 सूत्री ज्ञापन बीडीओं को सौंपा।