बांदा। मंडलायुक्त अजीत कुमार ने मंगलवार को कई सहकारी समितियों व स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। जगह-जगह गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। लापरवाह कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त को मुरवल सहकारी समिति में केवल चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ही उपस्थित मिले। सचिव व अन्य कर्मचारी गायब रहे। केंद्र तक पहुंचने का मार्ग कीचड़युक्त था। किसानों ने बताया कि केंद्र प्रभारी गोदाम में खाद उपलब्ध होने के बावजूद बगेहटा से वितरण करा रहा है। किसानों को भारी असुविधा होती है।
आयुक्त ने सहायक निबंधक एवं सहायक आयुक्त सहकारिता अंसल कुमार को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। आयुष्मान आरोग्य मंदिर, मुरवल में बाहर कूड़े के ढेर एवं कीचड़युक्त पहुंच मार्ग व गंदगी होने पर चिकित्सक अंजली मिश्रा को फटकार लगाई। बीडीओ बबेरू को मार्ग दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। (संवाद)