बबेरू/अतर्रा/तिंदवारी। डीएम आनंद कुमार सिंह ने रविवार को कई ब्लॉकों में भ्रमण कर मतगणना स्थल, स्ट्रांग रूम और निर्वाचन सामग्री वितरण आदि स्थलों का निरीक्षण किया।
बबेरू में जीजीआईसी में 61 ग्राम पंचायतों, 100 बीडीसी और 5 डीडीसी पदों का मतदान होना है। डीएम ने पार्किंग व्यवस्था पर असंतोष जताया। एसडीएम और बीडीओ को निर्देश दिए कि उपयुक्त स्थल का चयन करें। मतगणना और स्ट्रांग रूम के लिए जेपी शर्मा इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। कमासिन में पंडित केदारनाथ राजाराम महाविद्यालय का निरीक्षण किया। यहां 55 ग्राम पंचायतों, 86 बीडीसी और 3 डीडीसी पदों पर चुनाव होना है। महाविद्यालय में स्ट्रांग रूम, मतगणना हाल तथा परिसर आदि का निरीक्षण किया। बिसंडा स्थित पंडित कृष्णदत्त शुक्ला महाविद्यालय का भी निरीक्षण किया।
यहां 49 ग्राम पंचायतों, 92 बीडीसी और 4 डीडीसी पदों के लिए मतदान होना है। डीएम ने परिसर में पोलिंग पार्टियों को सामग्री वितरण के लिए टेंट लगाने के निर्देश दिए। वाहन पार्किंग, सीसी कैमरे, पेयजल आदि का जायजा लिया। तिंदवारी के जसईंपुर में स्थित शिव दर्शन महाविद्यालय में भी डीएम पहुंचे। यहां 56 ग्राम पंचायतों, 88 बीडीसी और तीन डीडीसी के लिए चुनाव होना है। महाविद्यालय के हाल इत्यादि देखे। मतगणना स्थल के बारे में भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्रों के एसडीएम, बीडीओ इत्यादि उपस्थित रहे।