बांदा। दिल्ली सरकार के मंत्री और पार्टी के यूपी के पंचायत चुनाव प्रभारी राजेंद्र पाल सिंह गौतम ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल ने अपने चुनावी घोषणापत्र पूरे नहीं किए। देश में आम आदमी पार्टी ही एक मात्र ऐसी है, जो सरकार बनने पर शपथ के फौरन बाद अपने वादों पर अमल शुरू कर देती है। दिल्ली सरकार का मॉडल विदेशों तक सराहा जा रहा है। यूपी में मौका मिला तो यहां भी यही होगा।
मंत्री सिंह बृहस्पतिवार को यहां सर्किट हाउस में जनपद के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा, कांग्रेस, सपा, बसपा आदि कोई भी अपने चुनावी घोषणापत्र पूरे नहीं करती। इसके विपरीत दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने बगैर वादा किए 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त कर दी है। और भी कई ऐसे कार्य किए हैं। सभी को शिक्षा और इलाज मुफ्त मिल रहा है। भाजपा और अन्य दलों के लिए गौतम ने कहा कि यह मंदिर-मस्जिद और हिंदू-मुस्लिम तथा जातपात के नाम पर वोट ले रहे हैं।
बैठक में जिलाध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह, सचिव अवधेश कुमार गुप्ता ने उन्हें स्मृति चिन्ह दिए। प्रदेश उपाध्यक्ष श्रद्धा चौरसिया, जिलाध्यक्ष महिला प्रेमलता शर्मा, नीरज सिंह कछवाह, पिंटू यादव, अल्ताफ अली, कमलेश पटेल, रमेशचंद्र गुप्ता, संदीप पांडेय, फिरोज खां, युवराज आदि ने भी मंत्री का स्वागत किया। बांदा बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रहे आदित्य सिंह, बसपा के राजकुमार वर्मा सहित नरेंद्र प्रताप सिंह, अशोक सिंह, ललित पटेल, कुलदीप अवस्थी, अरुण दीक्षित, अजीजुर्रहमान, अंकित चौहान, वैभव त्रिवेदी, श्रवण शुक्ला और विवेक गौतम आदि आम आदमी पार्टी में शामिल हुए।
--------------
स्थानांतरण में बांदा को मिले 97 शिक्षक
बांदा। बेसिक शिक्षा विभाग में अंतरजनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू हो गई। बृहस्पतिवार को 306 सहायक अध्यापकों को कार्यमुक्त किया गया। अन्य जनपदों से 97 ने बांदा में तैनाती मांगी है। महोबा, चित्रकूट, हमीरपुर, झांसी, ललितपुर, औरैया, फतेहपुर, उन्नाव, प्रयागराज, कौशांबी, गाजीपुर, गोंडा, जौनपुर, रामपुर, पीलीभीत, हरदोई, कुशीनगर, महाराजगंज, चंदौली, खीरी, चंदौली आदि जिलों से 97 शिक्षकों ने पदभार ग्रहण करना है। 50 शिक्षकों ने अभिलेख सत्यापित कराए। प्रक्रिया 9 फरवरी तक चलेगी। बीएसए हरिश्चंद्र नाथ ने बताया कि 97 शिक्षकों के आवेदन सत्यापित कराने के बाद स्कूल आवंटित कराए जाएंगे। (संवाद)