बांदा। मुफ्त में शराब न देने पर दुकानदार को धक्का देकर गिराने के मामले में घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई।
धक्का लगने से उसके कूल्हे की हड्डी टूट गई थी। शनिवार रात उसे सीएचसी नरैनी ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नहरी गांव निवासी बाबू ने बताया कि वह अपने बड़े भाई राजाराम (60) के साथ गांव में देसी शराब ठेके के बाहर छोटी सी दुकान लगाता था। आरोप है कि 14 नवंबर की शाम गांव का मंगल कोरी दुकान पर पहुंचा और राजाराम से मुफ्त में शराब मांगी।
मना करने पर उसने राजाराम को धक्का दे दिया। इससे वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके कूल्हे की हड्डी टूट गई। आरोप है कि मंगल ने इलाज कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में उपचार नहीं कराया।
इस पर परिजन निजी स्तर पर राजाराम का इलाज करा रहे थे। आराम न मिलने पर शनिवार रात उसे सीएचसी नरैनी ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।
बाबू के अनुसार, राजाराम चार भाइयों में सबसे बड़े और अविवाहित थे। परिवार में उनकी मां कल्ली हैं। बाबू ने आरोपी मंगल कोरी के खिलाफ नरैनी कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष ओझा ने बताया कि परिजन ने तहरीर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।