बांदा। शराब पीने से पुत्र ने मना किया तो पिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। एक अन्य घटना में युवती ससुराल में फांसी पर झूल गई। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
शहर के छाबी तालाब पहाड़ तले निवासी रिक्शा चालक बिंदा प्रसाद (55) पुत्र सिद्धा ने मंगलवार को दोपहर घर में खपरैल में रस्सी बांधकर गले में फंदा लगा लिया। पुत्र विनोद ने बताया कि वह और उसकी मां बिंदा प्रसाद को शराब पीने से रोकती थी। मंगलवार को सुबह विनोद ने शराब पीने से रोका तो नोकझोंक हो गई। दोपहर को बगल वाले सूने मकान में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी कोतवाली में दी गई। पुलिस ने शव पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। पत्नी रानी ने बताया कि उसके चार पुत्र हैं। सभी मजदूरी करके गुजारा करते हैं।
एक अन्य घटना में बिसंडा थाना क्षेत्र के कोरारी गांव निवासी जानकी देवी (20) पत्नी कोमल कुमार पटेल ने सोमवार को ससुराल में सीलिंग हुक में रस्सी से फंदा बांधकर फांसी लगा ली। पुलिस ने शव फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम को भेजा। उधर, मृतका के भाई रामलखन (कोर्रम) ने बताया कि जानकी की शादी मई 2015 मेें हुई थी। आरोप लगाया कि ससुराल वाले एक लाख रुपये और बाइक व सोने की चैन की मांग कर मारते-पीटते थे। 15 अक्तूबर को वह मायके आई थी। अगले दिन विदा करा ले गए थे। मारपीटकर हत्या के बाद शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। उधर, थानाध्यक्ष आरपी सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।