फोटो-2-हादसे में क्षतिग्रस्त हुआ डंपर। संवाद
तिंदवारी (बांदा)। बांदा-फतेहपुर राजमार्ग पर शनिवार तड़के छापर गांव स्थित हरिहर बाबा आश्रम के पास ओवरटेक करने के दौरान डंपर और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
ईंट लदा ट्रक और आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे नाले में पलट गई। हादसे में डंपर और ट्रक के चालक घायल हो गए। ट्रैक्टर चालक बाल-बाल बच गया।
रायबरेली के खीरो थाना क्षेत्र के लंगड़ाखेरा गांव निवासी देवराज (45) कबरई से डंपर में गिट्टी लादकर फतेहपुर की ओर जा रहा था। वहीं अमेठी जिले के बेदांव पिपरापुर निवासी राजेंद्र यादव (40) ट्रक में ईंट लादकर फतेहपुर से बांदा की ओर आ रहा था।
शनिवार सुबह करीब चार बजे छापर गांव के हरिहर बाबा आश्रम के पास राजेंद्र यादव आगे चल रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने से गिट्टी लदा डंपर आ गया। दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ईंट लदा ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे नाले में गिरकर पलट गए।
हादसे की सूचना मिलते ही बेंदा के पूर्व प्रधान विवेक सिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पीआरवी टीम के बाद उपनिरीक्षक अंजली पांडे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने दोनों घायल चालकों को तिंदवारी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई।
फोटो-2-हादसे में क्षतिग्रस्त हुआ डंपर। संवाद