बांदा। चित्रकूटधाम मंडल को सूखाग्रस्त घोषित करने के बाद मंडलायुक्त ने चारों जिलों के अधिकारियों को कार्य योजना के मुताबिक राहत कार्य और शासन से दिए गए निर्देशों की जानकारी दी और उस पर पूरी मेहनत और निष्ठा से अमल करने को कहा।
मयूर भवन सभागार में मंगलवार को बैठक में मंडलायुक्त एल वेंकटेश्वर लू ने खराब नलकूपों व हैंडपंपों को दुरुस्त कराने और रिबोर कराने के आदेश दिए। महोबा जिले में मवेशियों के चारे के लिए संशोधित कार्य योजना भेजने को कहा। बताया कि सूखा राहत कैंप में 70 रुपये प्रति मवेशी और 50 रुपये प्रति व्यक्ति प्रतिदिन के औसत से खर्च किए जा सकेंगे।
भूजल उपलब्धता समस्या ग्रस्त क्षेत्रों में टैंकर के जरिए जलापूर्ति और बिजली विभाग को लो-वोल्टेज की समस्या से निपटने के लिए मुख्य अभियंता को लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
मुख्य अभियंता ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के 47 नलकूपों में 45 का ऊर्जीकरण किया जा चुका है। मंडलायुक्त ने बाकी सभी नलकूपों में तत्काल बिजली कनेक्शन चालू करने के आदेश दिए। बैठक में कृषि विश्वविद्यालय कुलपति एलएस गोस्वामी, अपर आयुक्त उमाकांत त्रिपाठी समेत सभी जिलाधिकारी, अधीक्षण अभियंता और स्वास्थ्य व मंडलीय अधिकारी मौजूद रहे।