बांदा। दो ट्रकों से मौरंग लेने प्रतापगढ़ से छतरपुर जा रहे दो खलासी और दो ड्राइवर फतेहपुर के गाजीपुर ढाबे पर जहरखुरानी का शिकार हो गए। चालकों की जेब में पड़े एक लाख 20 हजार रुपये जहरखुरानों ने निकाल लिए। दोनों के मोबाइल भी ले गए। ट्रक मालिक ने चारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
फतेहपुर के लमेहटा गांव निवासी धीरज (19) अपने ट्रक चालक जमोह गांव निवासी धर्मेंद्र (32) के साथ ट्रक में मौरंग लेने प्रतापगढ़ से छतरपुर के बरूआ परेई घाट जा रहा था। उनके साथ दूसरा ट्रक भी मौरंग लेने जा रहा था। दूसरे ट्रक को धर्मेंद्र का भाई महेश (23) चला रहा था, इस ट्रक का खलासी उसका भांजा दीपू (22) साथ था।
दोनों ट्रकों के चालक और खलासी शुक्रवार की रात फतेहपुर के गाजीपुर ढाबे में खाना खाने के लिए रुके थे। यहां जहरखुरानों ने उन्हें खाने में नशीली दवा खिला दी, जिससे वह नशे में हो गए। जहरखुरानों ने चालक महेश की जेब में पड़े 50 हजार रुपये व 20 हजार कीमत का मोबाइल व दूसरे ट्रक चालक की जेब में पड़े 70 हजार रुपये व मोबाइल पार कर दिया। ड्राइवर नशे की हालत में वहां से ट्रक लेकर चल दिए।
बेहोशी का असर होने पर धर्मेंद्र अपने खलासी धीरज के साथ बबेरू के मुरवल पेट्रोल पंप पर रुक गया। दूसरे ट्रक का चालक धर्मेंद्र का भाई महेश ट्रक लेकर मध्य प्रदेश स्थित खदान पहुंच गया। दोपहर के समय जब टोकन कटाने के लिए खदान में महेश व खलासी को जगाया तो जहरखुरानी की जानकारी हुई। इस पर ट्रक मालिक रायबरेली निवासी राघवेंद्र सिंह ने दोनों चालकों समेत चारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मालिक ने बताया कि अभी उन्होंने पुलिस को सूचना नहीं दी है। फतेहपुर जिले में घटना होने की वजह से वह वहां की पुलिस को तहरीर देंगे।