फोटो -8- क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को ठीक करते ग्रामीण। संवाद
पैलानी। खप्टिहा कलां गांव में पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने अब खुद ही पाइपलाइन दुरुस्त कराने का बीड़ा उठा लिया है।
नमामि गंगे और जल संस्थान के कर्मचारियों की ओर से सड़क खोदकर छोड़ने और पाइपलाइन की मरम्मत न कराने से नाराज ग्रामीण चंदा जुटाकर काम में जुट गए हैं। पिछले 15-20 दिनों से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण पानी बर्बाद हो रहा है। आधे गांव तक आपूर्ति नहीं पहुंच पा रही है।
गांव में रणछोड़ दास इंटर कॉलेज के बगल में मुख्य सड़क पर खोदे गए गड्ढे से आवागमन भी प्रभावित है। खुले गड्ढे के कारण राहगीरों और वाहन चालकों पर हादसे का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि जल संस्थान की टंकी के पास लगा स्विच वॉल्व खराब होने से काफी पानी सड़क पर बह जाता है।
इससे पेयजल की बर्बादी हो रही है और लोगों को जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिल पा रहा है। जल जीवन मिशन के तहत लगाए गए नलों से भी कभी-कभार गंदा और बदबूदार पानी आता है, जो पीने योग्य नहीं होता।
उमाकांत अवस्थी, अमन शिवहरे, राजा मगरोठिया, आत्मस्वरूप, उमाशंकर द्विवेदी और उदय दीक्षित सहित अन्य ग्रामीणों ने टंकी के पास खराब पड़े स्विच वॉल्व को तत्काल ठीक कराने की मांग की।