अतर्रा में अराजकतत्वों ने दो स्थानों पर डॉ.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। दोनों ही प्रतिमाओं के हाथ खंडित किए गए। खबर फैलते ही बसपा नेताओं मेें रोष छा गया। घटना स्थल पर धरना दिया।
मौके पर आए उप जिलधिकारी को तहरीर और ज्ञापन देकर मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। एसडीएम ने जांच का भरोसा दिलाया। साथ ही टूटी प्रतिमाओं को दुरुस्त कराने का काम शुरू करा दिया।
बृहस्पतिवार को यहां शिवपुरी (अतर्रा) में स्थित अंबेडकर पार्क में स्थापित डॉ.अंबेडकर की प्रतिमा को रात में क्षतिग्रस्त कर दी गईं। दाहिना हाथ खंडित होने की सुबह खबर मिलते ही बसपा नेता अंबेडकर पार्क पहुंच गए। इसके बाद वहीं धरना शुरू कर दिया।
जोनल कोआर्डिनेटर झांसी व चित्रकूटधाम मंडल राम किशोर वर्मा, बांदा विधान सभा क्षेत्र प्रभारी डॉ.मधुसूदन कुशवाहा समेत भारती गुप्ता, अशोक पांडेय, शिव करन दिनकर, सुरेश मिश्रा, संतोष राजा, सचिन वर्मा समेत अन्य बसपा नेताओं ने प्रदर्शन भी किया।
इसी बीच खबर पाकर उप जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बसपा नेताओं को समझाया-बुझाया और उनका पांच सूत्रीय मांगपत्र लिया।
अभी अतर्रा नगर में मूर्ति टूटने का माहौल गरमाया ही था कि बसपा नेताओं को सूचना मिली कि अतर्रा थाना क्षेत्र के पचोखर गांव में भी मुख्य सड़क किनारे स्थित अंबेडकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। बसपा नेता पचोखर रवाना हो गए। वहां भी पहुंचकर घटना को लेकर रोष जताया।
बसपा नेताओं ने एसडीएम और सीओ को दी तहरीर मेें दोनों स्थलों पर प्रतिमा खंडित करने का मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। पुलिस जांच कर रही है। दोनों अधिकारियों ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।