बांदा। पोषाहार वितरण में सामने आई अनियमितताओं के मामले में आखिरकार जिम्मेदारों पर कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के जिला स्तर से तीन ब्लॉक मिशन मैनेजर (बीएमएम) और एक जिला मिशन प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई के लिए राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के निदेशक को पत्र भेजा गया है।
उपायुक्त एनआरएलएम दिवाकर सिंह ने बताया कि की प्रकरण में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए पत्र शासन को भेजा गया है। इसमें कार्रवाई की संस्तुति बबेरू ब्लॉक के बीएमएम दीनबंधु, नरैनी के बीएमएम अखिलेश कुमार, बड़ोखर के बीएमएम राकेश मिश्रा और जिला मिशन प्रबंधक शालिनी के खिलाफ की गई है।
जांच में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर इन सभी के विरुद्ध कार्रवाई का मामला उच्च स्तर पर भेजा गया है। हालांकि, अभी तक किसी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का आदेश जारी नहीं हुआ है। मिशन निदेशक के निर्णय के बाद ही संबंधितों पर कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।
पत्र के साथ जांच रिपोर्ट और अनियमितताओं से जुड़े विवरण भेजे गए हैं, ताकि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई पर निर्णय लिया जा सके। पत्र की प्रति जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को भी भेजी गई है। जिलाधिकारी के लगातार आदेश के बाद ही यह कार्रवाई आगे बढ़ सकी।
-
तबादले से सेवा समाप्ति तक का प्रावधान
ब्लॉक मिशन मैनेजर और जिला मिशन प्रबंधक स्थायी सरकारी कर्मचारी नहीं हैं। ऐसे में उनके विरुद्ध कार्रवाई के तौर पर दूसरे जिले में स्थानांतरण या सेवा समाप्ति का विकल्प अपनाया जा सकता है। हालांकि, किसके खिलाफ और किस स्तर की कार्रवाई की जाएगी, यह मिशन निदेशक के निर्णय पर निर्भर करेगा।
-
यह था पूरा मामला
अगस्त में बबेरू, नरैनी और बांदा सदर तहसील में संचालित टेक होम राशन प्लांट का एसडीएम ने निरीक्षण किया था। इस दौरान यहां घटतौली, साफ-सफाई में कमी, स्टॉक रजिस्टर न होना समेत अन्य कमियां मिलीं थीं। इसके बाद ही डीएम ने दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के आदेश दिए थे, जो लंबित थे।
-
डीसी एनआरएलएम की ओर से कार्रवाई के लिए मिशन निदेशक को पत्र भेजा गया है। इस मामले में आगे का निर्णय मिशन निदेशक द्वारा ही किया जाएगा।
-अजय कुमार पांडेय, डीसी एनआरएलएम