डीएम हीरा लाल को अवार्ड सौंपती राज्यपाल आनंदी बेन।
- फोटो : BANDA
बांदा। लोकसभा चुनाव में गंवई और सहज और सरल तरीकों से चलाए गए मतदान अभियान (90 प्लस प्रतिशत) में मिली शोहरत और सफलता पर प्रदेश के निर्वाचन विभाग ने यहां के जिलाधिकारी हीरालाल को ‘बेस्ट इलेक्ट्रोरल प्रैक्टिसेज अवार्ड-2019’ सम्मान प्रदान किया है।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शनिवार को लखनऊ में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित इस समारोह में प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने उन्हें यह सम्मान सौंपा।
लोकसभा चुनाव में डीएम के नेतृत्व में सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने 90 प्लस अभियान के तहत मतदाताओं को विभिन्न तौर-तरीकों से सम्मानित किया था। इसमें पीले चावल बांटने जैसे गंवई तरीके भी थे। नतीजतन जिले के सात बूथों पर 90 फीसदी, 43 बूथों पर 80 से 90 फीसदी, 281 बूथों पर 70 से 80 फीसदी और 645 बूथों पर 60 से 70 प्रतिशत मतदान हुआ।
प्रदेश स्तर पर हुए औसत मतदान से यह 11 फीसदी ज्यादा रहा और कीर्तिमान बना। कुल मतदान 63.24 प्रतिशत रहा। इसमें 85 फीसदी से ज्यादा दिव्यांगों ने भी मतदान किया था। इसी उपलब्धि पर शनिवार को 10वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम में एनुअल स्टेट अवार्ड (वार्षिक राज्य पुरस्कार) के तहत यह अवार्ड डीएम को प्रदान किया गया। समारोह में प्रदेश के अधिकांश उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।