अतर्रा। जिलाधिकारी जे रीभा ने मंगलवार की शाम नगर पालिका परिषद पुनर्गठन पेजयल योजना के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने 4758.87 लाख रुपये की योजना के निर्माणाधीन पानी की टंकियों की गुणवत्ता, प्रगति और समय सीमा की जानकारी ली।
डीएम ने सबसे पहले पुरानी तहसील परिसर में बन रही टंकी का निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था के इंजीनियरों से निर्माण की गति, सुरक्षा मानक और गुणवत्ता पर चर्चा की। कहा कि कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तय समय पर कार्य पूरा किया जाए। जल निगम अधिकारी जानकी प्रताप ने बताया कि प्रस्तावित कार्यों में 16 नलकूप, तीन टंकियां और 10759 गृह संयोजन शामिल हैं। कहा कि योजना का 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अधिकारी विजेता गुप्ता, एसडीएम राहुल द्विवेदी सहित अन्य मौजूद रहे। (संवाद)