बांदा। अंतर्जनपदीय तबादले के बाद कार्यमुक्त न किए जाने पर परिषदीय स्कूलों के खफा शिक्षकों ने डीएम से हस्तक्षेप कर कार्य मुक्त कराने की मांग की है। डीएम के न मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट को दिए ज्ञापन में शिक्षकों ने कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद सचिव के आदेश पर उनके तबादले 21 जुलाई को किए जा चुके हैं लेकिन यहां के बीएसए परिषद के आदेशों पर अमल न स्थानांतरित टीचरों को रिलीव नहीं कर रहे हैं।
इससे शिक्षकों की वरिष्ठता में अंतर आएगा और वे कनिष्ठ हो जाएंगे। दूसरे जिलों से यहां तबादले पर आए शिक्षकों ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। ज्ञापन पर सिटी मजिस्ट्रेट ने बीएसए को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
उधर, बीएसए शिवनारायण सिंह छुट्टी पर बताए गए हैं। प्रभारी बीएसए जयकरन प्रजापति ने बताया कि गैर जनपदीय स्थानांतरण संबंधी जितनी भी फाइलें जमा हुईं हैं, काम चल रहा है। बीएसए अगर शनिवार की रात तक आ गए तो शिक्षकों को रविवार को रिलीव कर दिया जाएगा, वरना सोमवार को रिलीव होंगे। प्रभारी ने बताया कि अब अंतर्जनदीय तबादलों में ज्वाइनिंग तिथि की तिथि बढ़ाकर 10 सितंबर कर दी गई है।