बांदा। मोबाइल का उपयोग सिर्फ संबंधित जानकारी के लिए करें। फैशन डिजाइन को न अपनाएं। टाइम टेबल बनाकर पढ़ाई करें। समय न बर्बाद करें। पटाखे के बजाए जल दीपावली मनाएं। हैंडपंप, कुआं और तालाबों में दीपदान कर उनकी पूजा करें। यह नसीहतें डीएम हीरालाल पंडित जेएन डिग्री कालेज के छात्रों को दी। मंगलवार को महाविद्यालय में छात्र संवाद कार्यक्रम में वह छात्रों से सीधे रूबरू हुए।
डीएम ने कहा कि छात्र जो भी बनना चाहते हैं वह लिखकर माता-पिता और विद्यालय के गुरुजनों को दें। कहा कि सुबह उठकर माता-पिता के पैर छुएं और उनको हमेशा सम्मान दें। स्वस्थ रहने के लिए सुबह जल्दी उठने और योगा तथा वॉक करने के टिप्स दिए। प्लास्टिक के खतरों से खबरदार करते हुए कहा कि इससे दूरी बनाएं। दीवाली पर पटाखों का प्रयोग न करें। यह प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि जल दीवाली मनाएं। हैंडपंप, कुआं, तालाब में दीपदान कर पूजा करें। महाविद्यालय प्राचार्य डा.नंदलाल शुक्ला ने डीएम का स्वागत करते हुए कहा कि उनके द्वारा छात्रों को दी गई नसीहत छात्र जीवन में अवश्य उतारें। इसका लाभ मिलेगा। कार्यक्रम की शुरूआत डीएम, प्राचार्य और प्रवक्ता डा.अतुल शुक्ला ने सरस्वती प्रतिमा पर फूल और वंदना से की। डा.केएस कुशवाहा, डा.आरती पांडेय, डा.दिव्या सिंह, डा.छवि पुरवार, डा. ओमकार चौरसिया उपस्थित रहे। संचालन डा. ऊषा सेन ने किया। इसके पूर्व बीएड के छात्र वैभव ने डीएम को बैच लगाया। एनसीसी छात्रों ने अगुवानी की और सलामी दी।