= जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ने जिलाधिकारी व मंडलायुक्त दोनों से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। बांदा-चित्रकूट सांसद कृष्णा पटेल की पुत्री स्टाफ नर्स श्वेता पटेल पर पद के दुरुपयोग व वित्तीय अनियमितता के संबंध में की गई शिकायत पर मंडलायुक्त अजीत कुमार ने जिलाधिकारी को पत्र प्रेषित कर पूरे प्रकरण की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवींद्र नाथ गुप्ता ने जिलाधिकारी के बाद 13 जुलाई को मंडलायुक्त को सौंपे शिकायती पत्र में आरोप लगाया था कि सांसद की बेटी श्वेता पटेल जिला अस्पताल में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत हैं। वह लगभग दो साल से ड्यूटी न कर अपने प्रभाव का दुरुपयोग कर रहीं हैं। उनके स्थान पर एक संजय नाम का व्यक्ति ड्यूटी कर रहा है।
इस संबंध में प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी पटेल ने सीएमओ व सीएमएस से संपर्क किया तो उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। आरोप है कि उनको धमकी भी दी गई थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त अजीत कुमार ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर कर पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही की गई जांच से अवगत कराने को भी कहा गया है।