छह वर्षों के बाद बजट मिलने पर बेसिक शिक्षा विभाग ने दो दिवसीय मंडल स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता धूमधाम से आयोजित की। मंगलवार को डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी ने उद्घाटन किया।
मंडलीय बाल क्रीड़ा के लिए बेसिक शिक्षा विभाग को वर्ष 2010 के बाद बजट नहीं मिला। नतीजे में यह आयोजन नहीं हुआ। अबकी पैसा मिला तो जमकर खर्च किया। महंगे आमंत्रण कार्डों से लेकर खर्चीली पुस्तिका तक प्रकाशित हुई। डीआईजी ने सरस्वती चित्र पर दीप जलाए और शांती के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाए। मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक जीएस राजपूत सहित मंडल के चारोें जिलों के बीएसए, एबीएसए, बीआरसी प्रभारी, व्यायाम शिक्षक और शिक्षक संघों के नेता उपस्थित रहे।
उद्घाटन सत्र में विभिन्न स्कूलों की बालिकाओं ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। अध्यक्षता कर रहे सहायक निदेशक जीएस राजपूत ने कहा कि धनाभाव में यह रैली वर्ष 2010 के बाद नहीं हो पाई थी। डीआईजी ने कहा कि खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बच्चों में प्रतिभा निखरती है।
पहले दिन बालिका जूनियर वर्ग 100 मीटर दौड़ में बांदा की आशू अव्वल आई। रानी (चित्रकूट), रीता (महोबा) और संतोेषी (बांदा) क्रमश: द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ स्थान पर रहीं। जूनियर बालक में महोबा के धीरेंद्र और हमीरपुर के इंद्रपाल ने पहला व दूसरा स्थान पाया।
कनवारा की छात्राओं ने गीत और कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत गाया। महोबा और चित्रकूट की छात्राओं ने भी कार्यक्रम पेश किए। प्रतियोगिता संयोजक और बांदा बीएसए ओपी त्रिपाठी ने सभी का आभार जताया। इस अवसर पर क्रीड़ाधिकारी केपी सिंह, वित्त एवं लेखाधिकारी वीके तिवारी, समेत बांदा जनपद के एबीएसए जयकरन प्रजापति, सुनील कुमार द्विवेदी, योगेंद्रनाथ वर्मा, शिवऔतार, राजीव प्रताप तोमर, कैलाश सिंह, अंबिका प्रसाद ओझा, हमीरपुर जनपद के रामगोपाल वर्मा, कपूर सिंह परिहार, विनय कुमार विश्वकर्मा, श्याम प्रकाश। महोबा जनपद के रमाकांत सिंह, संतोष कुमार, हेतराम वर्मा और आनंद कुमार तथा चित्रकूट जनपद के नीरज श्रीवास्तव, सुनील राजपूत, दीप्ती रिछारिया, चंद्रमोहन सिंह और प्रमोद कुमार गुप्ता समेत प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी आदि शामिल रहे।