तिंदवारी। आर्थिक तंगी के चलते किसान ने फंदा लगाकर जान दे दी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
थाना क्षेत्र के बेंदा के मजरा भैरम पुरवा निवासी ललित कुमार सिंह (35) ने खपरैल की धन्नी में गुरुवार को सुबह पत्नी की साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। पुत्र लक्ष्मण ने पिता को लटकते हुए देखकर शोर मचाया।
शोर सुनकर पहुंचे भाई और पड़ोसियों ने ललित को फंदे से उतारा। तब तक ललित की मौत हो चुकी थी। भाई सनोज सिंह के मुताबिक बेंदाघाट स्थित आर्यावर्त बैंक शाखा से चार लाख रुपए का ऋण लिया था।
अपनी सात बीघे खेती को गिरवी रख दिया था। चार माह पहले मैजिक खरीदी थी। किस्त जमा न होने से उसे भी फाइनेंस वाले खींच ले गए थे। पत्नी गुड़िया को बच्चा होना था इस कारण वह मायके चली गई थी। मृतक के तीन बेटा व तीन बेटी हैं। सबसे छोटी बेटी एक सप्ताह की है। थानाध्यक्ष कौशल सिंह के मुताबिक ललित ने आत्महत्या की है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।