अलाव पे चौपाल लगाते डीएम, एसडीएम।
- फोटो : BANDA
नरैनी। डीएम हीरा लाल ने कहा है कि नल और नलकूप से ज्यादा कुआं-तालाब और नदियों से रिश्ता जोड़ें। तभी बांदा जल शक्ति के रूप में उभरेगा। यह बात उन्होंने शनिवार को देर शाम यहां जमवारा गांव में केन नदी किनारे आयोजित अलाव में चौपाल को संबोधित करते हुए कही।
कहा कि तालाब-कुओं और नदियों से अनदेखी के हमारे रवैए ने ही पानी का मौजूदा संकट खड़ा किया है। ग्रामीणों को संकल्प दिलाया कि नदी-तालाब, कुओं को संरक्षण देंगे। बरसात का पानी बचाएंगे। नदी में गंदा पानी नहीं बहाएंगे। न ही कचरा फेकेंगे। उन्होंने बताया कि आज जिले के लगभग ढाई दर्जन गांवों में नदियों किनारे यह चौपाल पर चर्चा का आयोजन किया गया है।
इस अवसर पर एसडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने पलायन की वजह पानी की कमी बताई। अधिकारियों ने नदी की पूजा आरती और ग्रामीणों के साथ खिचड़ी भोज किया। बीडीओ मनोज सिंह, नायब तहसीलदार अभिनव तिवारी, प्रधान रेखा यादव, सचिव रमेशचंद्र आदि उपस्थित थे।