फोटो- 21 हड़हा गांव में घटनास्थल पर जांच करती पुलिस और फोरेंसिक टीम। संवाद
नरैनी (बांदा)। खेत में बने घर के अंदर चारपाई में सो रहे दिव्यांग किसान की अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर सीने में दो गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर हत्यारे मौके से भाग निकले। पुत्र और दिव्यांग पुत्री की सूचना पर पुलिस और ग्रामीण पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल की जांच की। पुत्र ने अज्ञात पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस जांच में किसी करीबी के वारदात में शामिल होने की आशंका जता रही है। फिलहाल कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के हड़हा गांव निवासी माशूक खां ने बताया कि उसके पिता मंसूर खां (50) बीती रात अपने घर के अंदर बने बरामदे के बगल में चारपाई पर सो रहे थे। रात करीब 1ः30 बजे कुछ अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर सीने में दो गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। गोली की आवाज सुनकर वह पहुंचे। यहां देखा तो उसके पिता मृत अवस्था में पड़े थे। माशूक ने बताया कि उसकी एक बहन राबिया करीब छह साल से दिव्यांग है और घर में ही रह रही थी।
उसने गांव वालों को फोन करके हत्या की सूचना दी। मौके पर पहुंचे गांव के प्रधान अफसार ने पुलिस को जानकारी दी। देर रात पुलिस क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत त्रिपाठी, कोतवाली इंस्पेक्टर संदीप तिवारी व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य जुटाए। बेटे माशूक का कहना है कि वह अपनी पत्नी मुस्कान के साथ अलग कमरे में सो रहे थे। उसकी बहन राबिया अपने कमरे में सो रही थी। घर के बाहर पांच फीट की बाउंड्री व फाटक लगा हुआ है।
आशंका है कि हत्यारे बाउंड्री फांदकर घर के अंदर आए थे। पुलिस की पूछताछ में बेटे ने किसी से रंजिश और विवाद की बात से इन्कार किया है। पुत्र की तहरीर पर कोतवाली में अज्ञात पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस की जांच में अब तक सामने आया है कि किसी करीबी ने ही किसान की हत्या की है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
गोली मारकर हत्या की गई है। शरीर में कालापन आया है। घटनास्थल पर प्रतिरोध के भी निशान नहीं मिले हैं। किसी परिचित ने पास से ही गोली मारकर हत्या की है। सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। -कृष्णकांत त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी, नरैनी।
फोटो- 21 हड़हा गांव में घटनास्थल पर जांच करती पुलिस और फोरेंसिक टीम। संवाद