खरीफ की फसल में 39,765 किसानों का फसल बीमा था। बैंकों ने 10 करोड़ रुपये प्रीमियम एचडीएफसी एग्रो इंश्योरेंस को भेजा था, लेकिन अभी तक किसानों को बीमा का लाभ नहीं मिल सका।
खरीफ फसल में ज्वार, अरहर, मूंग, तिल, उर्द और धान की फसल सुरक्षा के लिए बीमा हुआ था। इसके लिए फसली ऋण व किसान क्रेडिट कार्ड वाले किसानों से फसल बीमा प्रीमियम की कटौती कर बैंकों ने इसे अपने खाते में डाल लिया था।
बैंकों ने बीमा की यह 10 करोड़ रुपये की धनराशि बीमा कंपनी एचडीएफसी एग्रो इंश्योरेंस (लखनऊ) को दिसंबर में भेजी थी। लेकिन बीमा कंपनी ने अभी तक 51.14 लाख रुपया किसानों के खातों में नहीं भेजा है। जिला कृषि अधिकारी बाल गोविंद ने बताया कि बैंकों द्वारा बीमा प्रीमियम भेजने में लापरवाही से विलंब हुआ है।
उधर, अपर जिलाधिकारी डीएस पांडेय का कहना है कि फसल बीमा का लाभ किसानों को जल्द मिलेगा। बीमा से लाभान्वित होने वाले जिले के करीब 40 हजार किसानों के खातों में इसी सप्ताह धनराशि पहुंच जाएगी।