बांदा। सदर क्षेत्र से भाजपा विधायक प्रकाश द्विवेदी ने बुधवार को ग्राम अनथुआ में देवरार-अनथुआ मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का भूमि पूजन किया। यह सड़क करीब 26.38 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी जिससे क्षेत्र का सामाजिक और आर्थिक विकास होगा। इस दाैरान विधायक ने जनसमस्याओं के समाधान और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
विधायक ने बांदा नगर के वार्ड संख्या आठ बंगालीपुरा में पेयजल, विद्युत आपूर्ति, जल निकासी और साफ-सफाई का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नौ वर्षों की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी वाले पत्रक वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अभियंता राजीव रंजन, उपखंड अधिकारी वैभव शुक्ला, प्रतिनिधि रजत सेठ, सभासद योगेंद्र योगी उपस्थित रहे।