कलेक्ट्रेट में डिप्टी कलक्टर को ज्ञापन देते अपना दल के नेता।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। अपना दल ने राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर नरैनी क्षेत्र के गांवों में जलभराव और बिजली संकट से तत्काल निजात दिलाने की मांग की है। साथ ही प्रदेश में बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार पर राज्य सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।
सोमवार को जिलाध्यक्ष मंगल सिंह पटेल की अगुवाई में डिप्टी कलेक्टर क्रांति शेखर सिंह को ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया कि नरैनी विधानसभा क्षेत्र की 10 पंचायतें बिजली संकट से जूझ रही हैं। नौगवां के सुखारी पुरवा और छिगरिहा पुरवा, मुखिया का पुरवा आदि में सड़क और बिजली नहीं है।
बारिश में जलभराव से सुखारी के पुरवा से सड़क तक आने का रास्ता ठप है। बीमार अस्पताल तक नहीं पहुंच पाते। बताया कि गुढ़ाकलां के मजरा बसरही, घसराउट, टेढ़ा पुरवा, ककरहा पुरवा, कल्ला पुरवा, किंधौली, खलारी के मजरा भवानीपुर, गाजीपुर, मोहनपुर, सिंघौटी पंचायत के मजरा भउवा पुरवा, इटवां आदि गांवों में भी बिजली-पानी का जबरदस्त संकट है।
अन्य ज्ञापन में राज्यपाल से शिकायत की है कि प्रदेश के एक मंत्री की बेटी को बीपीएल में शामिल कर 30 हजार रुपये कन्या विद्याधन दे दिया गया। प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार थम नहीं रहा। ऐसे में प्रदेश सरकार को बर्खास्त किया जाए। ज्ञापन देने वालों में अरविंद कुमार, बीडीसी अटल बिहारी पटेल, अशोक कुमार पटेल भी शामिल रहे।