सेना भर्ती परीक्षा देकर फतेहपुर से लौटे सैकड़ों युवकों ने मंगलवार को रोडवेज बस स्टैंड के निकट बवाल काटा। रोडवेज बसों में किराया लिए जाने के विरोध में झांसी-मिर्जापुर हाइवे पर जाम लगाकर बैठ गए। पुलिस ने परीक्षार्थियों को डंडे लेकर खदेड़ा तब कहीं जाम हटा।
फतेहपुर में मंगलवार को सेना भर्ती परीक्षा थी। दोपहर को परीक्षा से लौटकर आए सैकड़ा भर से ज्यादा युवकों ने रोडवेज बस स्टैंड में हंगामा शुरू कर दिया। छात्रों का कहना था कि रोडवेज बसों में अधिकारियों के निर्देश के बावजूद उनसे किराया लिया जा रहा है।
इसी बात को लेकर झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाइवे पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। कई छात्रों ने उत्पात शुरू कर दिया। वहां से गुजर रहे ई-बैट्री रिक्शा चालकों व अन्य दोपहिया वाहन चालकों के साथ भी जोर-जबरस्ती की। सूचना पर सिविल लाइन चौकी और कालवनगंज, बलखंडीनाका और अलीगंज पुलिस चौकी से फोर्स आ गया।
युवकों को डंडे लेकर खदेड़ा। इस दौरान भगदड़ में कई युवकों व यात्रियों को चोटें भी आईं। करीब एक घंटे तक बवाल से यात्रियों और दुकानदारों में अफरातफरी रही। गौरतलब है कि सोमवार को भी युवकों ने सेना भर्ती परीक्षा के लिए फतेहपुर जाते समय सड़क जाम कर बवाल किया था।