फोटो - 06 सिटी मजिस्ट्रेट को पत्र सौंपते हिंदू संगठनों के पदाधिकारी। संवाद
बांदा। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग हिंदू संगठनों ने बुधवार को जिलाधिकारी से मिलकर पशु तस्करों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और शहर में संचालित अवैध बूचड़खानों को ध्वस्त कराने की मांग की है। संगठनों ने जिला प्रशासन को शहर के विभिन्न इलाकों, जैसे वसंत विहार, रेलवे लाइन और रब्बानिया नगर में चल रहे अवैध बूचड़खानों की जानकारी देते हुए त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया है। हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को बताया कि ये क्षेत्र पशु तस्करी के केंद्र बन गए हैं, जहां से मवेशियों को कटाई के लिए ले जाया जाता है और मांस की आपूर्ति की जाती है। निरीक्षण के दौरान संगठनों को हड्डियों से भरे वाहन मिले थे, जिन्हें पुलिस को सौंपा गया था। उन्होंने बूचड़खानों से मिले अवशेषों की फॉरेंसिक जांच कराने की भी मांग की, ताकि मवेशियों की पहचान हो सके। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो हिंदू संगठन आंदोलन करेंगे।