बांदा। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी से संबद्ध महाविद्यालयों की परीक्षा का कार्यक्रम घोषित हो गया। स्नातक और परास्तानक की परीक्षाएं 24 जुलाई से शुरू होकर 14 अगस्त तक चलेंगी। इस वर्ष स्नातक और परास्नातक प्रथम वर्ष के परीक्षार्थियों के अगली कक्षा में प्रमोट करने की वजह से सिर्फ स्नातक द्वितीय और तृतीय वर्ष व परास्नातक द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं कराई जा रहीं हैं।
बांदा जनपद में 57 महाविद्यालय हैं। इन महाविद्यालयों में अध्ययनरत स्नातक द्वितीय और तृतीय वर्ष व परास्नातक द्वितीय वर्ष के तकरीबन पांच हजार से ज्यादा परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। कोरोना गाइडलाइन के अनुसार इन सभी की ओएमआर (आप्टिकल मार्क रीडर) आधारित बहुविकल्पीय पद्धति से परीक्षा होगी।
स्नातक और परास्नातक परीक्षार्थियों को इस बार बहुविकल्पीय प्रश्नों के आधार पर उत्तर देने होंगे। शासन के निर्देशानुसार महाविद्यालयों में सीटिंग प्लान और हरेक कक्ष में परीक्षार्थी संख्या निर्धारित होगी। परीक्षा के पहले और बाद में महाविद्यालय परिसर को सैनिटाइजेशन भी कराना होगा।
उधर, राजीव गांधी डीएवी महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. रामभरत सिंह तोमर ने बताया कि महाविद्यालय के सभी छात्रों का परीक्षा केंद्र एकलव्य महाविद्यालय, दुरेड़ी बनाया गया है। छात्राओं की परीक्षा महाविद्यालय में ही होगी। सभी छात्र-छात्राएं प्रवेशपत्र प्राप्त कर लें। अधिक जानकारी के लिए परीक्षार्थी महाविद्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
बीए द्वितीय व तृतीय में एक-एक प्रश्न पत्र
बीए द्वितीय वर्ष के एक विषय में प्रथम एवं द्वितीय प्रश्न पत्र को मिलाकर एक प्रश्नपत्र कराया जाएगा। इस प्रश्न पत्र में दो खंड होंगे। प्रत्येक खंड में 30 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। इस प्रकार कुल 60 बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर छात्रों को अनिवार्य रूप से देना होगा।
बीए तृतीय वर्ष में एक विषय के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय प्रश्न पत्रों को मिलाकर एक प्रश्नपत्र कराया जाएगा। इस प्रश्नपत्र के तीन खंड होंगे। प्रत्येक खंड में 20 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। इस प्रकार कुल 60 बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर छात्रों को अनिवार्य रूप से देना होगा।
बीकाम द्वितीय में तीन व तृतीय में दो प्रश्नपत्र
बीकाम द्वितीय वर्ष के कुल तीन प्रश्न पत्रों की परीक्षा होगी। लोक वित्त एवं कंपनी अधिनियम प्रश्न पत्रों को मिलाकर प्रथम प्रश्न पत्र, लागत लेखांकन एवं व्यवसाय प्रबंध के सिद्धांत प्रश्न पत्रों को मिलाकर द्वितीय प्रश्न पत्र तथा आयकर एवं मुद्रा एवं वित्तीय प्रणालियां प्रश्न पत्रों को मिलाकर तृतीय प्रश्न पत्र की परीक्षाएं कराई जाएंगी। प्रत्येक खंड में 30 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे।
कुल 60 बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर छात्रों को अनिवार्य रूप से देना होगा। बीकाम तृतीय वर्ष में कुल दो प्रश्नपत्रों की परीक्षा होगी। निगमीय लेखांकन एवं अंकेक्षण प्रश्न पत्रों को मिलाकर प्रथम प्रश्नपत्र तथा विणपन प्रबंध एवं प्रबंधकीय लेखांकन प्रश्नपत्रों को मिलाकर द्वितीय प्रश्नपत्र कराया जाएगा। प्रश्नपत्र में दो खंड होंगे। हर खंड में 30 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। इसमें कुल 60 बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर छात्रों को अनिवार्य रूप से देना होगा।
परीक्षा का कार्यक्रम आ गया है। महाविद्यालयों में कोविड गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा कराने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित छात्र-छात्राएं अपने महाविद्यालयों में संपर्क कर परीक्षा के संबंध में जानकारी प्राप्त कर लें।
- डॉ. दीपाली गुप्ता, नोडल (उच्च शिक्षा), बांदा।
महोबा के 14 केंद्रों में 12,006 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
महोबा। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी से संबद्ध महाविद्यालयों की परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। स्नातक द्वितीय व तृतीय वर्ष व परास्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाएं 24 जुलाई से 14 अगस्त तक दो पालियों में होंगी। परीक्षाओं के लिए जिले में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जहां पर 12,006 परीक्षार्थी परीक्षाएं देंगे।
परीक्षा के नोडल अधिकारी व वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुशील बाबू ने बताया कि अबकी विवि ने जिले के तीन कॉलेजों श्रीकिशोर गोस्वामी कुलपहाड़, रोशन सिंह बदन सिंह महाविद्यालय कबरई व वीरभूमि महाविद्यालय को नोडल केंद्र बनाया गया है।प्रश्न पत्र हल करने की समयसीमा डेढ़ घंटे निर्धारित की गई है। परीक्षार्थियों को सैनिटाइजर, मास्क व सामाजिक दूरी का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।
21 केंद्रों पर 15 हजार छात्र देंगे परीक्षा
हमीरपुर। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षाएं 24 जुलाई से होंगी। जिले में इसके लिए 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. वंदना और परीक्षा समिति के सदस्य डॉ. स्वामी प्रसाद ने बताया कि जिले में 38 डिग्री कालेज हैं। इनमें 15 हजार छात्र परीक्षा देंगे। बताया कि बीएससी, बीए, बीकाम, एमए की परीक्षाएं होंगी। परीक्षा को लेकर सारी तैयारी पूरी कर ली गई हैं।
बीस हजार परीक्षार्थी देंगे विवि की परीक्षाएं
जालौन। बुंदेलखंड विवि स्ववित्तपोषित महाविद्यालय एसोसिएशन के सचिव आशीष मिश्रा ने बताया कि झांसी विवि. की परीक्षाएं 24 जुलाई से शुरू होकर 14 अगस्त तक जारी रहेंगी। जिले के करीब 20 हजार परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। जिसमें लगभग 17,500 परीक्षार्थी स्नातक के और करीब 2500 परीक्षार्थी परास्नातक के शामिल होंगे।
जिले के करीब सभी डिग्री कालेजों में कोरोना गाइडलाइनों का पालन किया जाएगा। परीक्षा के दौरान समाजिक दूरी, मास्क व सैनिटाइजर की व्यवस्था पर पूरा फोकस रहेगा। बताया कि जिले में लगभग सौ स्नातक और परास्नातक महाविद्यालय स्थापित हैं।
21 डिग्री कालेज, 20 हजार छात्र देंगे परीक्षा
चित्रकूट। अब शिक्षण व्यवस्था पटरी पर आने लगी है। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक व परास्नातक की परीक्षाएं 24 जुलाई से शुरू हो रही हैं। फिलहाल जिले में कुल 21 डिग्री कालेज के 20 हजार छात्र-छात्राएं स्नातक और परास्तानक की परीक्षाएं में शामिल होंगे।