बांदा। नौकरी न मिलने से परेशान युवती ने दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका अपनी शिक्षिका बहन के साथ रहती थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मूलरूप से हमीरपुर जनपद के बिवांर गांव निवासी किसान तेजपाल सिंह की पुत्री प्रिया (22) यहां शहर के नोनिया मोहाल में किराये के घर में अपनी बहन आकांक्षा सिंह के साथ रहती थी। आकांक्षा के स्कूल जाने के बाद घर में अकेली प्रिया ने शनिवार को दोपहर सीलिंग में दुपट्टा बांधकर गले में फंदा कस लिया। स्कूल से लौटी बहन ने शव लटका देखा और परिजनों व पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में बलखंडी नाका चौकी पुलिस पहुंच गई शव को फंदे से उतारा। चौकी प्रभारी अखिलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रिया की बहन तिंदुही गांव में टीचर है। प्रभारी ने बताया कि प्रिया स्नातक थी। नौकरी के लिए कई आवेदन किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इससे वह निराश थी। इसी से क्षुब्ध होकर उसने आत्महत्या कर ली। (संवाद)
---------------------
नहर पटरी में मिला युवक का शव
बांदा। मरका थाना क्षेत्र के समगरा गांव स्थित नहर पटरी में युवक का शव मिला। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
शहर के अलीगंज निवासी सतीश (38) का शनिवार को सुबह समगरा गांव में नहर पटरी पर शव मिला। परिजन घटना को संदिग्ध बता रहे हैं। इंस्पेक्टर रामआसरे सरोज ने बताया कि सतीश अपने छोटे भाई जीतू के साथ समगरा पावर हाउस में वेल्डिंग का काम करता था। शुक्रवार को ही दोनों भाई शहर से गांव काम के लिए आए थे। उन्होंने अधिक शराब के नशे में नहर में गिरने या ठंड से मौत की आशंका जताई है। (संवाद)
----------------------
बोलेरो की टक्कर से रिटायर्ड कर्मी की मौत
बांदा। सड़क दुर्घटना में घायल रिटायर्ड सींचपाल की मौत हो गई। शहर के खाईंपार निवासी रामरूप (61) 4 मार्च को महोबा अपने परिचित की बेटी की शादी में गए थे। वहां सड़क पार करते समय बोलेरो ने टक्कर मार दी। महोबा जिला अस्पताल में इलाज के बाद परिजन उसे बांदा जिला अस्पताल ले आए। हालत नाजुक होने पर डाक्टरों ने रामरूप को रेफर कर दिया। प्रयागराज ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। (संवाद)