बांदा। अलग-अलग घटनाओं में युवती और बैंकिंग की तैयारी कर रहे युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों घटनाओं में परिजन आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं कर सके। युवती की अगले माह 15 जून को शादी होनी थी। युवक की शादी भी तय हो गई थी। दोनों घरों में खुशियां मातम में बदल गईं।
पहली घटना में कालिंजर थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बा निवासी छुटकू कुशवाहा की पुत्री रोहिणी (21) ने बुधवार की रात अपने कमरे में सीलिंग हुक पर दुपट्टा बांधकर फांसी लगा ली। गुरुवार को सुबह देर तक दरवाजे न खुलने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। पुलिस के पहुंचने पर परिजनों ने उसे फंदे से उतारा। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतका के बड़े भाई सुरेंद्र कुशवाहा ने बताया कि रोहिणी गुरुवार व्रत रहती थी। घर में गुरुवार को कन्या भोज के लिए खाना उसी को बनाना था लेकिन उसने आत्महत्या कर ली। वह घटना का कारण नहीं बता सका। चार बहनों में छोटी और इंटर पास थी। भाई के मुताबिक रोहिणी की 15 जून को कटरा कालिंजर में शादी तय थी। घर में तैयारियां चल रही थीं।
दूसरी घटना बिसंडा थाना क्षेत्र के दुरई माफी गांव की है। यहां रामप्रकाश यादव के पुत्र विवेक उर्फ गुड्डू यादव (26) ने बुधवार की रात कमरे में रस्सी से फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के चचेरे भाई विपिन कुमार ने बताया कि पिता रामप्रकाश कालिंजर स्थित इलाहाबाद बैंक में कैशियर हैं। विवेक भी बैंकिंग की तैयारी कर रहा था। अक्सर कालिंजर पिता के पास आता-जाता था। दो भाइयों में बड़ा था। बिसंडा थाना एसएसआई अनिल सिंह ने बताया कि विवेक की शादी तय हो गई थी। परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता सके।
-----------------